मिशन हैप्पी हरदा के अंतर्गत दिनांक 09/10/2025 को पुस्तक यात्रा का आयोजन किया गया। इस पुस्तक यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में पुस्तकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अध्ययन संस्कृति को प्रोत्साहित करना था। यात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पुस्तकें केवल ज्ञान का स्रोत ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच का आधार भी हैं।
इस अवसर पर विशेष रूप से पुस्तकों का विधिवत विमोचन भी किया गया। विमोचन कार्यक्रम के माध्यम से साहित्य, शिक्षा एवं नवाचार से संबंधित पुस्तकों को विद्यार्थियों और समाज के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
विश्व रंग टैगोर अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव एवं आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत विश्व रंग पुस्तक यात्रा एवं कौशल विकास यात्रा 2025 का आयोजन एआईसेक्ट समूह एवं डॉ. सी. वी. रमन यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में हरदा में किया गया।
यह कार्यक्रम 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2025 तक विभिन्न विद्यालयों में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों हेतु निबंध लेखन, वाद-विवाद, भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं कराई गईं। उत्कृष्ट विद्यार्थियों का चयन अंतिम चरण के लिए किया गया।
अंतिम चरण का आयोजन महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हरदा में हुआ। कार्यक्रम में श्री ज्ञानेश चौबे (प्राचार्य), सुश्री शोभा वाजपेयी (वनमाली विभाग), श्री जे. पी. प्रजापति (प्राचार्य), श्री विकास जी (पॉलीटेक्निक कॉलेज), श्री त्रिलोक शर्मा (प्राचार्य, मॉडल स्कूल), श्री नीतीश सिसोदिया तथा कार्यक्रम संयोजक श्री उमेश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को पुस्तकों के महत्व, कौशल विकास एवं नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों से अवगत कराया। वक्ताओं ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान, अनुशासन और आत्मविकास का आधार हैं तथा आज के समय में केवल डिग्री नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल भी सफलता के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम के पश्चात पुस्तक एवं कौशल विकास यात्रा निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने नगर भ्रमण करते हुए “किताब पढ़ो – कौशल बढ़ाओ” जैसे नारों के माध्यम से शिक्षा और साहित्य के प्रति जागरूकता फैलाई।







