डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के बी.एससी. (एग्रीकल्चर) अंतिम वर्ष के 33 विद्यार्थी ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम रावे (Rural Agricultural Work Experience) के अंतर्गत अगले छह माह तक हरदा जिले के विभिन्न ग्रामों में किसानों के बीच रहकर कृषि का व्यावहारिक अध्ययन करेंगे। इसका उद्देश्य कृषि शिक्षा को खेत, किसान और ग्रामीण जीवन की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ना है।
रावे का यह छह माह का कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए कक्षा से खेत तक सीखने का अवसर है। किसानों के बीच रहकर प्राप्त अनुभव से विद्यार्थियों में कृषि की व्यावहारिक समझ विकसित होने के साथ-साथ ग्रामीण समाज, किसान जीवन और स्थानीय कृषि अर्थव्यवस्था को समझने की क्षमता भी विकसित होगी। यह अनुभव उन्हें भविष्य में कृषि उद्यमिता, शोध, तकनीकी नवाचार और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार करेगा।





