हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार और संवर्धन के लिए मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार-प्रसार समिति की हरदा इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। समिति के प्रांतीय सदस्य डॉ. नरेंद्र गार्गव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आगामी समय में की जाने वाली विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर आईसेक्ट (AISECT) समूह द्वारा संचालित किए जा रहे गौरवशाली कार्यक्रम के अंतर्गत ‘हिन्दी ओलम्पियाड‘ के आधिकारिक पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ शिक्षाविद् श्रीमती मीरा शर्मा एवं हरदा जिला योग आयोग कमेटी के अध्यक्ष श्री ओम शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित अन्य गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध जनों ने नई पीढ़ी को मातृभाषा और संस्कारों से जोड़ने के लिए इस अनूठी पहल की सराहना की तथा हरदा में हिन्दी के विकास के लिए हर संभव सहयोग का संकल्प लिया।





